home page

बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

 | 
बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार


नोएडा, 13 मार्च (हि.स.)। बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के तीन बदमाशों को थाना बिसरख पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने दर्जनों लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस उपायुक्त द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलवाने के नाम पर सीधे-साधे लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले विकास डाबरपुर त्रिलोकी चंद (34) निवासी जनपद हिसार हरियाणा, अरुण कुमार (28) पुत्र ललन सिंह निवासी दिव्यापुर जनपद औरैया तथा वैभव कुमार(23) पुत्र सुरेंद्र निवासी जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने कम्प्यूटर का एक सीपीयू, एक माॅनिटर, कीबोर्ड, एक माउस, छह कूटरचित जॉब ऑफर लेटर( विभिन्न कंपनियों के) तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और सात हजार 600 रूपये नकद बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करने के इच्छुक लोगों को ये लोग अपने जाल में फंसाते हैं। इंटरव्यू आदि के नाम पर पैसा लेकर धोखाधड़ी करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने दर्जन लोगों के साथ ठगी करनी स्वीकार की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी