home page

लखनऊ: भतीजे की हत्या में फरार आरोपित चाचा गिरफ्तार

 | 
लखनऊ: भतीजे की हत्या में फरार आरोपित चाचा गिरफ्तार


लखनऊ, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ जनपद में महिगवां थानाक्षेत्र में बीते दिनों जमीन के विवाद में भतीजे की हत्या करके फरार आरोपित चाचा को पुलिस ने रविवार काे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार लिया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

महिगवां थानाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य ने बताया कि मड़ियाव की डुडौली प्रीतीनगर निवासी गरिमा मिश्रा ने 20 अक्टूबर को थाना में तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि सगे चाचा अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन ने गाली गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला करके उसके पति दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम के हत्या कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस काे आज उक्त अभियोग से सम्बन्धित आराेपित के अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर ग्राम शुक्लनपुरवा में मौजूद हाेने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आराेपित को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आराेपित अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन ने बताया कि 19 अक्टूबर को उसका भतीजा दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम उसके घर आया था। जमीन बेचने की बात को लेकर दोनों के मध्य विवाद एवं गाली-गलौज होने लगी। इसी विवाद के दौरान उसने अपने घर के अन्दर रखी कुल्हाड़ी से दिव्यांशु मिश्रा के सिर पर दो बार वार किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर सगे चाचा ने भतीजे की हत्या की थी। पुलिस ने जांच के दौरान जुटाए साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक