सोनभद्र: मामूली विवाद में पति ने पत्नी को डंडे से पीटा, मौत
सोनभद्र, 12 अक्टूबर (हि.स.)। शाहगंज थाना क्षेत्र के जंगल में घर लौटते समय पारिवारिक विवाद में पति ने डंडे से प्रहार करके पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में इलाज के दाैरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने सोमवार को बताया की शाहगंज थाना पुलिस को सुचना मिली की राजपुर गांव निवासी राम दुलारी की मृत्यु हो गई है। पुलिस टीम फोरन राजपुर पहुंच कर जांच में जुट गई। छानबीन में पता चला की रविवार दाेपहर काे एक बजे राम दुलारी अपने पति मुन्ना कोल के साथ गुरदह जंगल से अपने घर राजपुर आने के लिए निकली थी। जंगल में दोनों में किसी बात काे लेकर विवाद हाे गया, जिस पर मुन्ना ने अपने पत्नी पर डंडा और अन्य चीज से प्रहार कर घायल कर दिया। शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिजन उन्हें खोजने के लिए निकले। रात आठ बजे परिजनों ने जंगल में दोनों को देखा तो हतप्रभ रह गए। परिजनों ने फौरन गंभीर रूप से घायल राम दुलारी को अस्पताल भिजवाया और मुन्ना कोल को घर ले आए। आज सुबह राम दुलारी की मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

