home page

यूपी के शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या, मंदिर में जली अवस्था में मिले शव

 | 
यूपी के शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या, मंदिर में जली अवस्था में मिले शव


शाहजहांपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव सूथा में गुरुवार सुबह शिव मंदिर में दो साधुओं के जले हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के एक युवक पर दोनों साधुओं की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण, खुदागंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मंदिर के संरक्षक और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि सूथा गांव निवासी बाबा बिहारी दास (60) गांव स्थित शिव मंदिर में रहते थे। वहीं चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज निवासी बाबा गोपाल दास (70) दूसरे मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे। गुरुवार सुबह दोनों के शव शिव मंदिर परिसर में जली हुई अवस्था में मिले।

मंदिर के संरक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया कि बाबा बिहारी दास, बाबा गोपाल दास के शिष्य थे। स्थानीय लोगों ने मंदिर से धुआं निकलते देखा। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो मंदिर के अंदर दोनों शव जल रहे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में गांव के सुमित नामक युवक का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सुमित कुछ दिन पहले ही एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और दोनों साधुओं के साथ उसका उठना-बैठना था। बताया गया है कि उसने साधुओं से मंदिर छोड़कर दूसरी जगह जाने और खुद मंदिर में रहने की बात कही थी।

मंदिर के संरक्षक ने आरोप लगाया है कि सुमित पहले भी साधुओं के साथ मारपीट कर चुका था और उसी ने दोनों की हत्या कर शवों को जलाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित सुमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा