home page

बागपत में बुजुर्ग की हत्या में फरार दो गिरफ्तार

 | 
बागपत में बुजुर्ग की हत्या में फरार दो गिरफ्तार


बागपत, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र स्थित छछरपुर गांव में 92 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। सर्विलांस सेल, डॉग स्क्वायड और थाना बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने इस हत्याकांड में वांछित दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल फावड़ा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को छछरपुर निवासी चांदपाल ने थाने पर तहरीर देकर बताया था कि उसके चाचा इंद्र सिंह (92) की अज्ञात लोगों ने खेत पर धारदार हथियार से हत्या कर थी। तहरीर के आधार पर थाना बड़ौत में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्य के आधार पर मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। कोतवाली प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपिताें को पकड़ा। इनकी पहचान छछरपुर गांव के रहने वाले भगत और अंकुर उर्फ जादू के रुप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर बताया कि जमीन को लेकर यह हत्या की गई थी। पुलिस ने अभियुक्त अंकुर उर्फ जादू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा बरामद किया है। पुलिस दाेनाें के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी