प्रेम-प्रसंग में युवक की हुई हत्या मामले में तीन आराेपित गिरफ्तार
सोनभद्र, 18 अगस्त (हि.स.)। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में एक दिन पहले मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने मारपीट, गला दबाकर व पानी में डूबो कर हत्या करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मृत युवक दो दिन पहले घर से लापता था व साेमवार काे उसका शव कसरहीया नदी के एक पुल के नीचे पानी में उतराता मिला था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया की सोमवार को रामपुर बरकोनिया थाने पर सूचना मिली कि कसरहीया नदी के पुल के नीचे भारतदीप दुलारे राम पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी सिलथम का शव पानी में उतराता मिला है और वह रविवार को अचानक गायब हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा युवक की हत्या की आशंका व्यक्त किए जाने पर फाैरन अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस टीम द्वारा त्वरित साक्ष्य संकलन एवं जांच की गई। जांच में मृतक का एक लड़की से पूर्व में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया। इसी प्रेम प्रसंग को लेकर पूर्व में भी विवाद व रंजिश हुआ था व जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। दो दिन पहले मृतक युवक भारतदीप उक्त लड़की से मिलने गया था, जहां से लड़की द्वारा अपने घर के शुभम को सूचना दी गई। सूचना पर शुभम अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा तथा तीनों अभियुक्तों द्वारा मृतक के साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर एवं पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस टीम ने इस मामले में ग्राम करवनिया के पास से तीनों अभियुक्तों पटना ग्राम निवासी शुभम कुमार पासवान (19), संदीप कुमार उर्फ छोटू (26) व आत्मानन्द उर्फ लप्पू (21) को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

