बाराबंकी में युवक की गला रेतकर हत्या
बाराबंकी, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के घूंघटेर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में मिला। उसकी धारदार हत्या से गला रेतकर हत्या की गई। पुलिस ने फारेंसिंक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।पांच दिन बाद ही युवक की बहन की शादी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गांव के बाहर जिस युवक का शव मिला है उसकी पहचान छविनाथ के बेटे मिथुन रावत (20) के रूप में हुई है। 12 मार्च को मिथुन की बहन की शादी थी, जिसको लेकर घर में तैयारियां चल रही थी। शनिवार सुबह मिथुन का शव गांव के बाहर मिला। यह खबर जब परिवार काे पता चली ताे शादी वाले घर में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घरवालों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम को उनके बेटे के मोबाइल पर किसी का फोन आया और घर से चला गया। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हुए। शनिवार को उसका शव मिला। मिथुन के गर्दन सीने व हाथ पर कई वार के निशान मिले हैं।
सूचना मिलते ही एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि पूछताछ में मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक विशेष समुदाय के व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का आराेप है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर मामले की जांच कर रही हैं, शीघ्र खुलासा किया जाएगा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

