यूपी के हाथरस में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया हत्यारोपित
हाथरस, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने हत्या के एक आरोपित को शनिवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी 19 मई को थाना हाथरस गेट क्षेत्र में हुए हत्याकांड से जुड़ी है।
पुलिस के अनुसार, 19 मई को ओमी उर्फ ओमप्रकाश और उसके पड़ोसी महेंद्र पुत्र राजपाल निवासी ढकपुरा थाना हाथरस गेट के बीच घरेलू बातों को लेकर शराब के नशे में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि महेंद्र के बेटे कृष्णा ने अपने पिता को गाली देने का बदला लेने के लिए अपने दोस्तों को बुलाया और ओमी के घर के सामने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान चबूतरे पर बैठे ओमी के चचेरे भाई सोनू पुत्र रामवीर ने विरोध किया। इस पर आरोपितों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। थाना हाथरस गेट पुलिस, सर्विलांस टीम समेत कुल तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार नगला सिंघी के पास अभियुक्त ऋषभ मीणा पुत्र कुंवरसैन मीणा से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में ऋषभ मीणा के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ मीणा निवासी बोझिया थाना हाथरस जंक्शन एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हाथरस के विभिन्न थानों में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, बलवा, तोड़फोड़, गंभीर चोट पहुंचाने, अवैध शस्त्र अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

