home page

मामूली विवाद में किरायेदार की हत्या, आराेपित फरार

 | 
मामूली विवाद में किरायेदार की हत्या, आराेपित फरार


आगरा , 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ही मकान में रहने वाले दो किरायेदारों में शुक्रवार देर रात को विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक किरायेदार ने चाकू से प्रहार करके दूसरे किरायेदार की हत्या कर दी। शनिवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने आराेपित की पत्नी काे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

न्य आगरा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि राजू चक्की के पास सुपरमार्केट, नगला पदी निवासी प्रमोद वर्मा के मकान में किराए पर जितेश शर्मा उर्फ जीतू रहता है। इसी मकान में दूसरे कमरे में मध्यप्रदेश निवासी गणेश वर्मा स्वर्णकार (42) बेटी के साथ किरायेदार रहते थे। शुक्रवार की देर रात को दोनों किरायेदारों के बीच आपस में वाद विवाद और गाली गलौज शुरू हो गई। गणेश का आरोप था कि जीतू समय असमय बिना पूछे उसके कमरे में आ जाता है और उसको डिस्टर्ब करता है। जब गणेश वर्मा उसके कमरे में जाते तो वह विरोध करता था। इसी बात को लेकर रात में दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आवेश में आकर जीतू ने गणेश के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। लड़ाई—झगड़े की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायल अवस्था में गणेश को इलाज के​ लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गणेश वर्मा को मृत घोषित कर दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गणेश ऑर्डर पर मिठाई बनाने और हलवाई का काम करता था। कई वर्षों से वह नाबालिक पुत्री के साथ प्रमाेद के मकान में किराये के कमरे में रह रहा था। जीतू ने उसकी हत्या की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay