युवक ने धारदार हथियार से हमला कर की पुत्री की हत्या, पत्नी घायल
फिरोजाबाद, 14 जून (हि.स.)। थाना बसई मोहम्मद क्षेत्र अन्तर्गत रविवार शाम एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर अपनी पुत्री की हत्या कर दी। जबकि पत्नी घायल है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र अन्तर्गत गांव सोफीपुर नीलकंठ कालोनी निवासी राकेश राठौर ने रविवार शाम किन्हीं कारणवश अपनी पुत्री मुश्कान व पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की जानकारी जैसे ही आस-पास के लोगों को हुई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि पुत्री मुश्कान की मौत हो चुकी है जबकि पत्नी घायल है। पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल उपचार के लिए भिजवाया। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। सूचना पर पुलिस के उच्च अधिकारियों ने पुलिस टीम व फील्ड यूनिट के साथ घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य एकत्रित किए है। पुलिस ने आरोपित राकेश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना की जांच कर कार्यवाही कर रही है।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी का कहना है कि एक युवक द्वारा अपनी पुत्री व पत्नी की हत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो पता चला कि पुत्री की मौत हो चुकी है। जबकि पत्नी घायल है। घायल को अस्पताल भिजवाया गया है। आरोपित हमलावर राकेश को हिरासत में लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

