home page

यूपी के फतेहपुर में देशी शराब ठेका के सेल्समैन की पीट-पीटकर हत्या

 | 
यूपी के फतेहपुर में देशी शराब ठेका के सेल्समैन की पीट-पीटकर हत्या


फतेहपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात देशी शराब के सेल्समैन की अज्ञात लोगों ने पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर गोल्लक से रुपये लेकर फरार हो गये। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच कर घटना का निरीक्षण कर पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए।

थाना बिंदकी क्षेत्र के ग्राम दुर्गेई में गुरुवार की रात देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह(50) के साथ मारपीट कर घायल करने के साथ लूटपाट की गई है। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने घायल अवस्था में सतेन्द्र सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार काे बताया कि पूछताछ से पता चला कि मृतक सतेंद्र रात 12:15 बजे ठेके के पास कैंटीन के बगल में चारपाई पर सो रहे थे। हमलावरों ने उनके सिर पर लाठी-डंडे से वार किया। मौके से कुछ दूरी पर तिरपाल के अंदर खून लगी पेड़ की डाली बरामद हुई है। ठेके से 90 पाउच देशी शराब की बिक्री हुई थी, जिसके करीब पांच से छह हजार रुपये गायब मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर हत्या सहित सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार