सोनभद्र में रियल स्टेट व्यापारी का शव कमरे में मिला, गला घोटकर हत्या का आराेप
सोनभद्र, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में घोरवल कोतवाली क्षेत्र में एक रियल स्टेट कारोबारी की गला घोट कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम ने घटनस्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने भी मौका मुआयना किया।
घोरावल कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया की शनिवार सुबह विकास ने पुलिस को फोन कर सूचना दिया की उनके पिता ओमप्रकाश भारद्वाज (62) का शव घर पर पड़ा हुआ है। किसी ने उनकी हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही फौरन पुलिस व फोरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
परिवार से जानकारी हुई कि ओम प्रकाश रियल स्टेट का कारोबार बड़े स्तर पर करते थे। घोरावल के कई मार्गों पर उसकी जमीन है, जिसकी खरीद बिक्री वह करता था। मृतक का वाराणसी और मुंबई में भी मकान है। उसकी पत्नी और एक बेटी मुंबई में ही रहती है जबकी दो पुत्र विकास और आकाश साथ में रहते हैं। शुक्रवार की शाम दोनों पुत्र घोरावल नगर से छह किलोमीटर दूर धुरकरी ग्राम में हनुमान मंदिर पर पिता के कहने पर चले गए थे। वहां बाटी चोखा बना हुआ था। रात में अपने पिता के लिए खाना लेकर दोनों बच्चे आए तो उनके पिता ने मोबाइल से बताया कि कुछ कारोबारी मित्र आए हुए हैं जगह कम है रात में भोजन नहीं करेंगे तुम लोग जाकर मंदिर पर सो जाओ। दोनों बच्चे धुरकरी ग्राम स्थित हनुमान मंदिर पर चले गए और सो गए।
शनिवार सुबह दोनों बच्चे घर पर आए तो अपने पिता को दरवाजा खोलने के लिए मोबाइल से कॉल किया तो पिता का मोबाइल नही उठा। काफी प्रयास करने के बाद दोनों बच्चे मकान के पीछे की तरफ से अंदर आए तो देखा की पिता का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। उनके पास में ब्लड लगा हुआ कपड़ा पड़ा हुआ था। गले में किसी चीज से गला दबाने के निशान पड़े थे। मौके पर रस्सी के टुकड़े भी थे।
पुलिस ने बताया की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है क्योंकि आवास का सीसीटीवी कैमरा एवं विद्युत कनेक्शन रात में बंद कर दिए गए थे। मृतक के मोबाइल से उसके कॉल डिटेल भी डिलीट कर दिए गए हैं, जिससे कारोबारी की हत्या की आशंका पुष्टि हो रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

