home page

पत्नी ने प्रेमी को सुपारी देकर कराई थी पति की हत्या, चार गिरफ्तार

 | 
पत्नी ने प्रेमी को सुपारी देकर कराई थी पति की हत्या, चार गिरफ्तार


सिद्धार्थनगर 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले के मुहचोरवा थाना क्षेत्र में ई—रिक्शा चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को उसकी पत्नी और प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रेम संबंध के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर भाड़े के हत्यारों को सुपारी देकर पति की हत्या करवाई थी।

पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि हरिश्चंद्र की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी माया देवी ने एक लाख 10 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। पुलिस ने कहा कि मृतक हरिश्चन्द्र शराब का सेवन करता था और नशे की हालत में घर आकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला कि माया देवी के नियाज अहमद से कथित अवैध संबंध थे। पुलिस का दावा है कि नियाज अहमद माया देवी के खर्च में भी मदद करता था। घरेलू विवाद से परेशान माया देवी पिछले कई महीनों से पति की हत्या के लिए नियाज अहमद पर दबाव बना रही थी। इसके बाद नियाज ने हत्या की योजना बनाई और 1.10 लाख रुपये में हत्या कराने की बात तय हुई।

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत हरिश्चन्द्र को मुहचोरवा घाट के पास ले जाया गया। वहां चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को बूढ़ी राप्ती नदी में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए ई-रिक्शा को भी नदी में इस तरह लटका दिया गया कि प्रथम दृष्टया पूरा घटनाक्रम दुर्घटना जैसा दिखाई दे। आठ सितंबर को बढ़नी के पचपेड़वा तिराहे पर पुलिस टीम की संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हरिश्चंद्र की हत्या में शामिल इरशाद अपने दो साथियों के साथ दुधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनौरा की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही ढेबरुआ पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में पुलिस को हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारी मिली। आरोपितों की निशानदेही पर मुहचोरवा घाट से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी माया देवी की भूमिका भी हत्या की साजिश में सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में इरशाद, अब्दुल्ला, नियाज अहमद और माया देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। आरोपितों के पास से पुलिस ने एक चाकू, छह मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक एयर टिकेट, व 600 रुपये नकद बरामद किया है। हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस कप्तान ने 20 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी