दस वर्षीय बालिका की जघन्य हत्या करने वाला गिरफ्तार, जेल
फिरोजाबाद, 11 मई (हि.स.)। थाना फरिहा पुलिस टीम ने सोमवार को 10 वर्षीय बालिका की जघन्य हत्या करने वाले वांछित शातिर हत्यारोपित पप्पू उर्फ यासीन अली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने बालिका की हत्या उसकी मां से अवैध प्रेम सम्बन्धों के विरोध में की थी।
थानाध्यक्ष फरिहा राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी उन्होंने सूचना पर 10 वर्षीय बालिका की जघन्य हत्या कारित करने वाले वांछित अभियुक्त पप्पू उर्फ यासीन अली पुत्र हिकमत अली, निवासी ग्राम ईखू, थाना फरिहा को अंधपुरा से कैंची की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही से बालिका की हत्या करने के दौरान पहने हुये कपड़े व जूते बरामद किये हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पप्पू उर्फ यासीन अली ने बताया कि बालिका की माँ के साथ उसके अवैध प्रेम संबंध थे। बालिका इन संबंधों को समझती थी और अक्सर अभियुक्त के घर आने का कड़ा विरोध करती थी तथा उसे घर में घुसने से रोकती थी। अभियुक्त ने अपने रास्ते की रुकावट को हटाने के लिए 29 अप्रैल को बालिका को अकेला पाकर नाले के पास ले जाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को नाले के पानी व झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

