लापता बच्ची का शव नाले में मिला, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना फरिहा क्षेत्र में गुरुवार को एक लापता बच्ची का शव नाले में मिला है। परिजनों ने बच्ची की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना फरिहा क्षेत्र अन्तर्गत गांव चिढ़रई स्थित नाले में आज ग्रामीणों ने एक बच्ची का शव पड़ा देखा। इस जानकारी पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बच्ची के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान लापता बेटी शिवानी (10) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि उनकी बच्ची बुधवार से लापता थी, जिसकी थाने पर भी सूचना दी थी। वह उसकी खोजबीन में जुटे थे लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था। उनकी बच्ची खेत पर जाने की कहकर घर से गई थी। परिजनों का आरोप है कि बेटी की किसी ने हत्या कर शव नाले में फेंका है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फरिहा पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी, सीओ प्रेम प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बात की।
इस सम्बन्ध में सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडेय ने बताया कि बुधवार रात्रि में डायल-112 के माध्यम से थाना फरिहा पर एक बच्ची के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल थाना फरिहा पर सुसंगत धाराओं में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीम द्वारा बच्ची की खोजबीन की गयी। आज गांव चिडरई के बाहर नाले में गुमशुदा बच्ची का शव मिला है, शव पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस टीम द्वारा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

