नाबालिग छात्रा का अपहरण कर युवक ने किया दुष्कर्म, पुलिस जांच में जुटी
हमीरपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कक्षा छह की छात्रा को गांव के ही एक युवक ने उसकी मां की कनपटी पर तमंचा सटाकर अगवा कर लिया। आरोप है कि युवक ने अपने घर में छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित पिता ने सुमेरपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री जूनियर हाईस्कूल कक्षा 6 की छात्रा है। वह अपनी मां के साथ गई थी। रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के ही सत्येंद्र सिंह ने उनकी पत्नी पर तमंचा तान दिया और किशोरी को जबरन उठाकर ले गया। इसके बाद यूपी 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के एक्टिव होने और आरोपित के घर दबिश देने पर किशोरी को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
घर लौटी पीड़ित ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपित सत्येंद्र उसे अपने घर ले गया था, जहां उसकी मां ज्ञानवती ने कमरे का कुंडा बाहर से बंद कर दिया और आरोपित सत्येंद्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपित पिछले एक साल से उसे डरा-धमकाकर दरिंदगी कर रहा था और किसी को बताने पर उसे व उसके भाई को जान से मारने की धमकी देता था।
पीड़ित पिता ने सुमेरपुर थानाध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपित सत्येंद्र और उसकी मां ज्ञानवती के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने व पीड़ित का डॉक्टरी परीक्षण कराने की मांग की है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। थानाध्यक्ष पवन पटेल ने मंगलवार को शाम बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की जाएगी। आरोपित की तलाश कराई जा रही है।----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

