पुरानी रंजिश में दबंगों ने युवक को पीटा, उपचार के दौरान मौत
फर्रुखाबाद, 26 जून (हि.स.)।
राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उजरामऊ में पुरानी रंजिश के चलते हुई दबंगों ने एक युवक को पीटा। घायल की कानपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिवार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोप है कि 18 जून की रात रामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35 ) गांव निवासी बादल के घर पर मौजूद था, जहां वह काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही सौरभ अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और रामवीर से झगड़ा करने लगा। दोनों में पुरानी रंजिश चल रही थी।
इस दौरान रामवीर को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और विरोध करने पर लात-घूंसों व ईंटों से बेरहमी से पीटा दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को बचाया। गंभीर हालत में रामवीर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा। 26 जून की सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कानपुर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। गांव में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी और तनाव का माहौल है।
राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। ----------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

