संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या की आशंका
फर्रुखाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। शमशाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी पर युवक के पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
शमशाबाद नगर के मोहल्ला मीरादरवाजा निवासी अनिल कुमार मंगलवार शाम एक खेत के पास खाई में बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। एक बच्ची ने यह सूचना परिजनों को दी। परिवार मौके पर पहुंचा और अनिल को चारपाई के सहारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता वीरपाल का आरोप है कि कुछ लोग उनके बेटे अनिल को घर से बुलाकर ले गए थे। बेटे के गले पर नाखून के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और आश्वसत किया है कि उनके साथ न्याय होगा। वहीं, पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर रिपोर्ट का इंतजार में है। अनिल कुमार छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत के बाद से परिवार सदमे में है। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

