home page

जमीन के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या

 | 
जमीन के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या


फिरोजाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र अन्तर्गत गांव सिंहपुर में रविवार को जमीन के विवाद में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और सुरक्षा की दृष्टि से गांव में फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस की टीमें हत्यारोपितों की तलाश में जुटी हैं।

सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी का कहना है कि गांव सिंहपुर निवासी प्रदीप कुमार (30) रविवार को एक भगत को छोड़ने उसके घर गए थे। वहां से वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी बिजलीघर के पास हमलवारों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लाठी, डंडा व सरिया से प्रदीप पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग निकले। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल प्रदीप को लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने प्रदीप की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। शुक्रवार को रास्ते में ट्राली खड़ी करने को लेकर प्रदीप की पत्नी सरिता से कहासुनी होने के बाद आरोपितों ने उनकी भी पिटाई की थी। सरिता ने शनिवार को एक ही परिवार 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कुछ आरोपितों के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था।

सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी का कहना है कि एक युवक प्रदीप की कुछ लोगों ने पिटाई की थी। घायल को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़