home page

पैसों के विवाद में प्रधान के भाई की हत्या

 | 
पैसों के विवाद में प्रधान के भाई की हत्या


बागपत, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र स्थित गांव हलालपुर में शुक्रवार को रुपये के विवाद सगे चाचा उदयराज ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर ईंट-भट्ठा मालिक संजीव (45) को ईंट से पीट-पीटकर मार डाला। संजीव ग्राम प्रधान का भाई है। हत्या के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि संजीव गांव में ही ईंट-भट्ठा चलाता था। परिवार में पत्नी अंजली और 18 साल का बेटा ध्रुव है। बड़ा भाई सुधीर गांव का मौजूदा प्रधान है। आराेप है कि संजीव का चाचा उदयराज से दो लाख रुपये को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को संजीव अपने भट्ठे पर था। तभी उदयराज गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां पहुंचा। साथ में दोनों बेटे सनी और आर्यन भी थे। सनी यूपी पुलिस में सिपाही और लखनऊ में तैनात है। वह इन दिनों छुट्टी पर घर आया था। आर्यन खेती करता है। भट्ठे पर पहुंचते ही दो लाख रुपये को लेकर संजीव और उदयराज में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीनों ने संजीव को जमीन पर गिरा दिया और भट्ठे की ईंट से सीने पर ताबड़तोड़ वार किए। संजीव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान दौड़े। लोगों को आता देख तीनों आरोपित फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। छपरौली पुलिस घायल संजीव को सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बेटे का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजनों ने आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी बताया कि परिवार की शिकायत पर केस दर्ज कर आराेपिताें की तलाश दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी