home page

रास्ते के विवाद में युवक की पीटकर हत्या

 | 
रास्ते के विवाद में युवक की पीटकर हत्या


रास्ते के विवाद में युवक की पीटकर हत्या


बस्ती 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लालगंज थाना क्षेत्र में महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार की देर रात हुई।सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी के बहनोई के भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

क्षेत्राधिकारी रुधौली शिव प्रताप सिंह ने बताया कि महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला निवासी मनीष पांडेय का गांव के कुछ लोगों से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मनीष पर चारपाई के पाट से हमला कर दिया। हमले में मनीष के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की खबर के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गांव से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी रुधौली शिव प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधि कार्रवाई की जाएगी अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी