शराब के नशे में हुए विवाद पर हुई थी युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
उरई, 27 जुलाई (हि.स.)। नदीगांव थाना पुलिस ने करीब तीन सप्ताह पहले हुई युवक की हत्या की घटना का खुलासा सोमवार को करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपित ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक विनय सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार, बीती पांच जुलाई को थाना नदीगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भकरौल में सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान ग्राम भकराैल निवासी राजकुमार बरार के रूप में हुई। मामले में मृतक की पत्नी सुमन की तहरीर पर थाना नदीगांव में गांव के ही सौरव और लल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर पुलिस ने भकराैल गांव निवासी सोनू पाल उर्फ महते का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने साेमवार आरोपित सोनू पाल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपित सोनू पाल ने बताया कि चार जुलाई की रात वह राजकुमार के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान राजकुमार नशे में गाली-गलौज करने लगा। कई बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो पहले उसने उसे कई थप्पड़ मारे। इसके बाद पास में पड़े डंडे से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजकुमार मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वाे वहां से फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्याकांड के आरोपित साेनू काे न्यायालय के समक्ष पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

