home page

लखनऊ : मैदान में मिला युवक का शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप

 | 
लखनऊ : मैदान में मिला युवक का शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप


लखनऊ, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार देर रात चिनहट थाना क्षेत्र स्थित मैदान में मिले एक अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। युवक के पिता ने उसके दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि 24 मार्च की बीती देर रात सूचना मिली थी कि हरदासी खेड़ा के मैदान में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। उसके गले पर चोट के निशान और पास ही एक मोटरसाइकिल खड़ी है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान कल्याणी विहार कॉलोनी निवासी दयाशंकर सिंह के बेटे रितेश सिंह (20) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही, पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) शशांक सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) और सहायक पुलिस आयुक्त (विभूति खंड) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के पिता दयाशंकर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मंगलवार शाम को घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है और कुछ ही घंटों में लौट आएगा। हालांकि, जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस से बेटे रितेश की मौत की खबर मिलने के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में है।

पिता ने उन्हीं दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिनके कहने पर उनका बेटा घर से बाहर गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पिता दयाशंकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक