पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या
महोबा, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद के खरेला थाना क्षेत्र स्थित गांव चंदौली में सोमवार को दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे को बचाने आए पिता पर कुल्हाड़ी से हमलाकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी व थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंच जांच शुरू कर दी।
जनपद के खरेला थाना क्षेत्र के गांव चंदौली निवासी नरेंद्र (25) सोमवार को पिता मंगल सिंह राजपूत के साथ घर पर मौजूद था। तभी गांव के ही दबंग उसके दरवाजे पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। पिता-पुत्र ने जब बाहर निकल विरोध किया तो आरोपितों ने फायरिंग कर दी। एक गोली नरेंद्र के सीने में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। बेटे को बचाने दौड़े पिता पर भी आरोपितों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया , जिससे वह लहूलुहान हो गया। बाद में आरोपी मौके से भाग गए।
घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए तत्काल सीएचसी चरखारी पहुंचाया गया। डॉक्टर ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि मंगल सिंह की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सनसनीखेज वारदात के बाद एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने घटना स्थल का मुआयना कर जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि दो पक्षों में हुए विवाद में दो लोग घायल हो गए, जिसमें से एक की मौत हो गई है। फील्ड यूनिट एवं फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

