तीन बेटियों ने मां के साथ मिलकर पिता को उतारा था मौत के घाट
महोबा, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि तीन बेटियों ने नाबालिग भाई, मां और अपने एक साथी के साथ मिलकर पिता को सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी। शव को ले जाकर नाले में फेंक दिया। इस दौरान हत्यारों ने पुलिस को गुमराह
करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उनका भेद खुल गया। पुलिस ने युवक की हत्या की मृतक की पत्नी, तीन बेटियां और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी शशांक सिंह ने बताया कि पनवाड़ी थाना क्षेत्र के हैवतपुरा गांव के नाले में एक युवक का शव 14 अप्रैल को बरामद हुआ था। उसकी पहचान गांव के हरनारायण प्रजापति के रूप में हुई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मामले में चौंकाने वाला परिणाम सामने आए।
एसपी ने बताया कि मृतक हरनारायण शराब पीने का आदी था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। बेटी सोनाली की शादी के लिए उसने भैंस और बकरी बेच दी, जिसका 82 हजार 500 रूपये उसके पास था। इसी धनराशि को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया और उन्होंने खौफनाक साजिश रच हरनारायण को मौत के घाट उतार दिया।
एसपी ने बताया कि हरनारायण की पत्नी रामप्यारी और उसकी तीन बेटियों ज्योति, सोनाली, और पूजा और उसके बेटी के एक मित्र जयराम कुशवाहा ने मिलकर योजना बनाया और सोते समय हरनारायण की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए शव को घर के पीछे नाले में फेंक दिया। मृतक का मोबाइल फोन भी तोड़कर फेंक दिया। एसपी ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने वाली टीम को ने दस हजार रूपये ईनाम देने की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

