home page

साेनभद्र में कार से एक करोड़ का गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
साेनभद्र में कार से एक करोड़ का गांजा बरामद, दो गिरफ्तार


सोनभद्र, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद साेनभद्र में पिपरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार से दो कुंतल 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि कल बुधवार को पिपरी थाना पुलिस मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर मुर्धवा से करीब दो किमी आगे नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक महिन्द्रा एक्सयूवी कार पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस टीम द्वारा फौरन घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोक लिया गया। पुलिस टीम ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी शुरू की गयी। जांच के दौरान वाहन की पिछली सीट के नीचे एवं डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेटों में कुल दो कुंतल 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

एसपी ने बताया की गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में प्रकाश में आया कि उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने के लिए कहा गया था। इसके एवज में उन्हें प्रति चक्कर 20 हजार रुपये मिलने की बात बताई गई। अभियुक्तों ने बताया कि इससे पूर्व भी वे एक-दो बार गांजा पहुंचा चुके हैं। रास्ते में पुलिस जांच देखकर उन्होंने वाहन को एक बार जंगल की ओर ले जाकर कुछ समय के लिए छिपा दिया था। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से वाहन पर अलग-अलग नम्बर प्लेट का प्रयोग किया जा रहा था। पूछताछ में प्रकाश में आए तथ्यों के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के महोबा जिला निवासी उमेश अहिरवार और महिपाल पाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी