लखनऊ में शादी से इनकार करने पर युवती पर एसिड अटैक, चाकू से परिजनाें काे भी किया घायल
लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर रिश्तेदार ने युवती पर तेजाब फेंक दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि देर रात पुलिस की जांच में पता चला है कि तौसीफ उर्फ मुन्ना नाम का एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार की बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था जबकि लड़की उससे शादी नहीं करना चाहती थी। आरोपित युवक तेजाब लेकर घर पहुंचा और लड़की पर फेंक दिया। शोर सुनकर पहुंचे परिवार ने विरोध किया तो आरोपित ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें लड़की के परिजन घायल हाे गये। इस मारपीट में आरोपित तौसीफ उर्फ मुन्ना को भी चोटें आई हैं, जिसे पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए प्रकरण की जांच एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

