प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, चार आराेपित गिरफ्तार
उरई, 29 मार्च (हि.स.)। जनपद के थाना कैलिया क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने रविवार काे पत्रकाराें काे बताया कि 26 मार्च को थाना कैलिया में ग्राम उमरी का पुरा, थाना रेंढर निवासी गिरजाशंकर ने तहरीर दी कि उनके पुत्र अमित नरवरिया (24) की हत्या कर शव को जला दिया गया है। अभियुक्तों ने पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस तहरीर के आधार पर थाना कैलिया में मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस तीन टीमें घटना की जांच कर रही थी। साक्ष्यों के आधार पर टीम ने रविवार को जगनपुरा रोड से सलैया खुर्द जाने वाले मार्ग के पास से चार आरोपित कुलदीप दोहरे, अमित दोहरे, शीतला, मिथलेशी काे गिरफ्तार किया। आराेपिताें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल है। उनके कब्जे से पुलिस ने एक हथौड़ा, एक डंडा, दो मोटरसाइकिलें, दो हेलमेट, मृतक का आधार कार्ड, खून से सने कपड़े व चादर बरामद किए हैं।
पुलिस की पूछताछ में आराेपित कुलदीप ने बताया कि उसकी पत्नी शीतला का मृतक अमित से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 23 मार्च को शीतला ने अमित को फोन कर धमकी दी कि यदि वह नहीं आया तो वह उसके घर आ जाएगी। इस पर अमित 24 मार्च की शाम को अकेले कुलदीप के घर पहुंचा। कुलदीप ने बताया, हम सभी घर में घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही अमित बेडरूम में पहुंचा, मेरी मां मिथलेशी बाहर निगरानी करने लगी। मैंने, शीतला और अमित दोहरे ने मिलकर उसे दबोच लिया। उसके मुंह में दुपट्टा ठूस कर डंडे और हथौड़े से उसके सिर पर तब तक वार किए जब तक वह मर नहीं गया। हत्या के बाद आरोपिताें ने शव को बेडशीट और कंबल में लपेटा, उस पर पीली बोरी का तिरपाल डाला और बाइक पर रखकर कैलिया से ब्यौनाराजा जाने वाली सड़क पर ले गए, जहां उन्होंने पहचान छिपाने के लिए शव में आग लगा दी और फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी चारों आरोपिताें को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

