बहराइच : लॉरेंस विश्नोई गैंग ने सर्राफा व्यापारी को दिया धमकी भरा पत्र, मांगी 5 लाख की रंगदारी
बहराइच, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मिहीपुरवा बाजार निवासी एक सर्राफा कारोबारी व उनके पुत्र को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति ने उनसे पांच लाख रूपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी है। कारोबारी की तहरीर पर गुरुवार को मोतीपुर थाना में शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सर्राफा कारोबारी चन्द्र मोहन सोनी की दुकान बाजार में जगदीश ज्वैलर्स के नाम से संचालित है। उनके पुत्र युवराज सोनी को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम से एक धमकी भरा पत्र मिला है। यह पत्र बुधवार को उनकी दुकान पर एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर 315 बोर के कारतूस के साथ फेंका है।
पत्र में लिखा है कि तुमने विश्नोई समाज का अपमान किया है, इसलिए इसकी कीमत तुम्हें चुकानी पड़ेगी। इसमें लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई का नाम भी लिखा है। चेतावनी दी गई है कि यदि पांच लाख रुपये नहीं दिए तो उसे मार दिया जाएगा। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद कारोबारी का परिवार काफी भयभीत है। सर्राफा कारोबारी ने मोतीपुर थाने में इस बावत शिकायत की है।
मोतीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सर्राफा कारोबारी ने इस सम्बन्ध में सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

