home page

विश्वास में लेकर हड़पी संपत्ति, बैनामा अपने नाम कराने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
विश्वास में लेकर हड़पी संपत्ति, बैनामा अपने नाम कराने वाला आरोपित गिरफ्तार


गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में संपत्ति से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों पर पुलिस ने फिर एक बार सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिपराइच थाना क्षेत्र में छलपूर्वक संपत्ति का बैनामा अपने नाम कराने वाले एक अभियुक्त को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। यह कार्रवाई गोरखपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपित ने वादी को अपने झांसे में लेकर विश्वास हासिल किया। सुनियोजित तरीके से उसकी संपत्ति का बैनामा अपने नाम करा लिया। जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने तत्काल थाना पिपराइच में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त श्यामराज पुत्र रामदुलारे, निवासी बड़ी रेतवहिया, जंगल धुषण थाना पिपराइच को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ थाना पिपराइच में मुकदमा अपराध संख्या 750/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता हो तो उसे भी कानून के दायरे में लाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में धोखाधड़ी और जमीन से जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे संपत्ति के लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच अवश्य करें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय