home page

भूमि समतल कराने के विवाद में चली गोली, चक्की संचालक समेत दो घायल

 | 
भूमि समतल कराने के विवाद में चली गोली, चक्की संचालक समेत दो घायल


हाथरस, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में कोतवाली क्षेत्र के गांव मिडावली स्थित नगला दुर्जिया में भूमि समतल कराने को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि तीन दिन पुराने विवाद को लेकर कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ चक्की की दुकान पर पहुंच गए। गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी। मारपीट में चक्की संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित नंदू पुत्र चोब सिंह के अनुसार तीन दिन पूर्व खेत की भूमि समतल कराने और ट्रैक्टर चलाने की बात को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसी रंजिश को लेकर आज बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे आरोपित पक्ष उसके चक्की प्रतिष्ठान पर पहुंच गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर फायरिंग की।

पीड़ित ने बताया कि आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। फायरिंग और शोर-शराबा सुनकर उसका चाचा मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जुटती देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो होने का दावा करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना