पिता की हत्या में फरार आरोपित बेटा गिरफ्तार
लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महिगवां गांव में शुक्रवार की रात को जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में पिता की हत्या के बाद आरोपित बेटा फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार की बीती रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
महिगवां थानाध्यक्ष राधेश्याम मौर्या ने रविवार को बताया कि मालती देवी ने थाना में तहरीर दी कि पिता रामकुमार का अपने बेटे यानि कि मेरे भाई महेंद्र से विवाद चल रहा था।
बीती रात पिता रामकुमार खेत में खड़ी करवी (झाड़ियाें) को ट्रैक्टर से जुतवा रहे थे। तभी भाई खेत में पहुंचकर पिता से लड़ने लगा । मामला इतना बढ़ गया कि महेंद्र यादव ने फावड़े से पिता रामकुमार यादव के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। केजीएमयू में इलाज के दौरान पिता रामकुमार यादव की माैत हो गई थी।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर वांछित अभियुक्त विनोद कुमार उर्फ महेन्द्र की तलाश में जुटी थी।
इस बीच सूचना प्राप्त हुई कि अभियुक्त विनोद कुमार उर्फ महेन्द्र को बीकेटी-पहाड़पुर रोड पर देवरी रुखारा जाने वाली नहर की पुलिया के पास मौजूद है तथा कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को पकड़ लिया । अभियुक्त की निशानदेही पर आलाकत्ल फावड़ा बरामद हुआ ।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि खेत के बंटवारे में हिस्सा कम मिलने एवं खेत की मेड़ को बनाने व बिगाड़ने को लेकर विवाद के दौरान उसने गुस्से में आकर फावड़े से अपने पिता के सिर पर प्रहार कर दिया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट आयी थी। घटना के बाद वह मौके से भाग गया था। बाद में उसे अपने पिता की मृत्यु होने की जानकारी मिली, जिसके कारण वह पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर छिपता फिर रहा । पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

