अपहृत युवक सकुशल बरामद, पांच आरोपित गिरफ्तार
उरई, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आटा थाना क्षेत्र में दाे जून को हुए एक सनसनीखेज अपहरण मामले में गुरुवार को जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पांच आराेपिताें काे गिरफ्तार करते हुए अपहरण में प्रयुक्त कार व मोटरसाइकिल बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि 2 जून को महिला वादिया ने थाना आटा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति रोहित का अपहरण कर लिया गया है। इस पर थाना आटा में रविन्द्र, गुल्टू, अजय और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने तीन टीमों का गठन किया। टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर अपहृत और आरोपिताें की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद गाजियाबाद व दिल्ली में दबिश देने के लिए टीम रवाना की गई। दिल्ली पुलिस के सहयोग से अपहृत रोहित को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य अभियुक्त अजय और शंकर के अलावा सुनील, रिजवान, दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत रोहित ने पुलिस को बताया कि उसके पैसों को लेकर विवाद था। 2 को करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने कुसमरा रोड से उसे गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया। उसने यह भी बताया कि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सुनील और रिजवान भी थे। रोहित ने पुष्टि की कि वह इन सभी को पहले से जानता है।
एएसपी ने इस सफल अभियान के लिए टीमों की सराहना की है। यह भी बताया कि फरार आरोपित रविन्द्र और गुल्टू सहित अन्य की तलाश जारी है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ भी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

