मीरजापुर में 12 वर्षीय प्रिंस की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या, मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार
- पैसे की लालच में बाइक चलाने के बहाने ले गया था साथ, कुशियरा जंगल में छिपाया था शव
मीरजापुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से 12 वर्षीय बालक का अपहरण कर हत्या करने के आरोपित को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसकी निशानदेही पर लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल से बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सेमरी गांव निवासी केशव बिंद ने मंगलवार को अपने 12 वर्षीय बेटे प्रिंस के अपहरण की सूचना विंध्याचल थाने में दी थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बालक की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना का आरोपित लालगंज की ओर से आ रहा है। इस पर विंध्याचल पुलिस ने अष्टभुजा चौकी क्षेत्र में गैपुरा-विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर बाइक सवार कुशियरा जंगल की ओर भागने लगा। कुछ दूर जाकर बाइक छोड़कर जंगल में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम पिंटू उर्फ शैलेंद्र निवासी परसिया कामापुर, थाना विंध्याचल बताया। पुलिस के मुताबिक, उसने स्वीकार किया कि नौ नवंबर को अपराह्न चार बजे पैसे की लालच देकर प्रिंस को बाइक चलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। उसी दिन शाम करीब साढ़े छह बजे गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव कुशियरा जंगल में छिपा दिया। बुधवार को वह शव को ठिकाने लगाने जा रहा था। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में लालगंज थाने में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

