इनवर्टर में पानी डालते समय करंट लगने से युवक की मौत
फिरोजाबाद, 02 सितंबर (हि.स.)। टूंडला थाना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार शाम को इनवर्टर में पानी डालते समय करंट लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव भक्तिगढ़ी निवासी अजय सिंह बुधवार शाम अपने घर में लगे इनवर्टर में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों भी मौके पर आ गए। परिजन आनन-फानन में अजय को पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर आगरा पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, अजय की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। इधर, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना टूंडला इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

