home page

उप्र में प्रेमिका की हत्या के बाद शव टुकड़ों में काटकर जलाया, नीले बक्से में अवशेष ठिकाने लगाते समय तीन लाेग हिरासत में

 | 
उप्र में प्रेमिका की हत्या के बाद शव टुकड़ों में काटकर जलाया, नीले बक्से में अवशेष ठिकाने लगाते समय तीन लाेग हिरासत में


-बख्से से टपकते पानी और दुर्गंध आने पर लोडिंग चालक ने बुलाई पुलिस

-दूसरी पत्नी ने पुलिस के सामने खोला हत्या का पूरा राज

झांसी, 18 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में एक नीले बक्से से उठती दुर्गंध और टपकते पानी को लेकर हुए संदेह के चलते लोडिंग चालक ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने बक्से को खोलकर देखा तो सभी के होश उड़ गए।बक्से में महिला के शव के टुकड़े कर उसे आग में जलाने के बाद लाश की राख व कुछ अवशेषों को ठिकाने लगाने ले जाया जा रहा था। लाश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने लोडिंग चालक की निशानदेही पर सीपरी बाजार के ब्रम्हनगर कॉलोनी पहुंच कर पूरे मामले की तहकीकात कर डाली। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। महिला के पूर्व पति की तहरीर पर मुकदमे की तैयारी है।

थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के ब्रम्ह नगर कॉलोनी से देर रात एक व्यक्ति ने एक लोडिंग चालक को एक नीला बॉक्स मिनर्वा चौराहे पर छोड़ने के लिए बुक किया। लोडिंग चालक ने बताया कि बॉक्स को लोडिंग में रखकर वह व्यक्ति पीछे पीछे चलने लगा। अचानक वह व्यक्ति गायब हो गया। यह देख लोडिंग चालक को संदेह हुआ। मिनर्वा चौराहा पहुंचकर उसने बॉक्स देखा। उससे पानी टपक रहा था और दुर्गंध आ रही थी। लोडिंग चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने उसे यह नीले रंग का बक्सा मिनर्वा चौराहे पर छोड़ने के लिए ब्रम्ह नगर से बुक किया और वह रास्ते से वह गायब हो गया।

इस सूचना पर नवाबाद थाना और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही बक्सा खोला तो पुलिस के होश उड़ गए। उस बक्से के अंदर एक महिला की लाश के कुछ टुकड़े बचे थे, बाकी जली हुई लाश की राख रखी थी। टैक्सी चालक से पूछताछ करने के बाद सीपरी बाजार थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सीपरी बाजार थाना पुलिस में बक्सा और लाश को कब्जे में ले लिया। टैक्सी चालक की निशानदेही पर पुलिस ब्रम्हनगर जा पहुंची। वहां पर गीता नाम की महिला ने जानकारी दी कि मृतक महिला का नाम प्रीति है। वह रिटायर्ड रेल कर्मी बृजभान के साथ किराए के मकान में रह रही थी। नन्दन पुरा निवासी रिटायर्ड रेल कर्मी बृजभान की यह तीसरी पत्नी के रूप में रहती थी जबकि गीता उसकी दूसरी पत्नी है। बताया जा रहा है कि प्रीति ब्रजभान पर पैसे देने के लिए दबाव बना रही थी। इसलिये उसने उसकी हत्या कर दी। महिला की हत्या करीब एक सप्ताह पूर्व कर दी गई थी। हत्यारोपित घर के अंदर ही मृतक महिला के शरीर को काट काट कर आग से जलाकर राख बनाता रहा। उसके शव के अवशेषों को ठिकाने लगाने के लिए देर रात नीले बक्से में रखकर उसने लोडिंग चालक को बुलाया।

एसपी सिटी ने बताया जांच चल रही

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल की कर रही है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किये हैं। किराए के कमरे का भी निरीक्षण किया गया है। प्रथम दृष्टया सारे साक्ष्य व परिस्थितियां महिला की हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। मृतका के पूर्व पति के द्वारा तहरीर दी जा रही है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही पुलिस की 3 टीमें गठित कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया