चार वर्षीय मासूम का शव मिलने से मिला, हत्या की आशंका
जौनपुर,29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में सोमवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आज डायल-112 पर सूचना मिली कि जफराबाद थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बालिका लापता है। इस जानकारी पर पुलिस और परिजनों ने खोजबीन की। इस दौरान धनेजा गांव में झाड़ियाें में लापता बच्ची लहुलूहान हालत में मृत अवस्था में मिली। शव देखकर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है।
पूछताछ में पता चला है कि मृत बच्ची अपनी मां के साथ एक रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में आई थी, इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। जफराबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

