कुशीनगर में दो पत्नियों के विवाद में पति की हत्या, पहली पत्नी और बच्चों पर आरोप
कुशीनगर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दो शादियों के बाद परिवार में चल रहा विवाद शनिवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर गांव के मदरहवा टोला निवासी 48 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर की मारपीट में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, ओमप्रकाश की पहली पत्नी और उसके बच्चों पर हत्या का आरोप है। घटना में उनकी दूसरी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम भेजा। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।
क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पहली पत्नी उर्मिला से तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक बेटा और एक बेटी हैं। दूसरी शादी के बाद से ही परिवार में तनाव रहने लगा था। पति को अपने साथ रखने और हिस्से के बंटवारे को लेकर दोनों पत्नियों के बीच अक्सर विवाद होता था। पहली पत्नी ने पति के खिलाफ न्यायालय में भरण-पोषण का वाद भी दाखिल किया था। शुक्रवार रात भी परिवार में विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे पीआरवी के माध्यम से घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पहली पत्नी पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के एक खेत में मेड़ बांधने का काम कर रही थी। इसी दौरान ओमप्रकाश अपनी दूसरी पत्नी के साथ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहली पत्नी और उसके बच्चों ने ओमप्रकाश के साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ओमप्रकाश पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। बीच-बचाव में दूसरी पत्नी भी घायल हो गईं। उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मृतक की पहली पत्नी और उसके बच्चों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित कर रवाना की गई हैं। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

