home page

मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़ा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, एक साल से था फरार

 | 
मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़ा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, एक साल से था फरार


मऊ, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में चिरैयाकोट थाना पुलिस ने मुख्तार अंसारी गिरोह का सहयोगी रहे हिस्ट्रीशीटर सुधीर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, करीब एक साल से फरार आरोपित को शुक्रवार गिरफ्तार किया गया है।

चिरैयाकोट थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अल्देमऊ निवासी हिस्ट्रीशीटर सुधीर सिंह अमिरहा पलिया मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और हिस्ट्रीशीटर सुधीर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सुधीर सिंह करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस रिकॉर्ड में वह हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मऊ और बलिया जिलों में लूट, छिनैती, धमकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 32 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सुधीर सिंह आईएस-191 गिरोह के सरगना रहे मुख्तार अंसारी गिरोह का सहयोगी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र