घर में दाखिल हुए चोर दो परिवार के जेवरात और लाखों की नकदी चोरी कर फरार
उरई, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में रामपुरा थाना क्षेत्र में बीती रात रविवार को अज्ञात चोरों ने एक घर के दो परिवारों को निशाना बनाकर चोरी की घटना कर फरार हो गए। रविवार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रामपुरा के ग्राम निनावली जागीर निवासी वीरसिंह पुत्र त्रिभुवन व भतीजे विपिन पुत्र परम सिंह के घर बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने विपिन के घर के अंदर वाले कमरे की दीवार के ऊपर की टीनशेड उठाकर घर में दाखिल हुए और अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने, चांदी के आभूषणों सहित लगभग 50 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं विपिन के चाचा वीरसिंह के घर के कमरे का जंगला हटाकर बक्सा में रखे सोने, चांदी के आभूषण आदि सहित 60 हजार रुपये चोरी कर भाग निकले। जिस समय चोरी की घटना की गई उस समय वीरसिंह अपने घर की छत पर तथा विपिन घर के बाहर सो रहे थे। आज सुबह 5 बजे के लगभग विपिन उठा और घर के अंदर गया तो सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी चाचा वीर सिंह को दी। चाचा ने भी अपने कमरे की खिड़की टूटी
देखकर चोरी की घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर सिद्धपुरा चौकी इंचार्ज जितेन्द्र कुमार पहुंचे और छानबीन की।
थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि इलाके में बीती रात एक ही घर के दो परिवारों के घर में चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

