बहराइच : कैसरगंज कोतवाली से 500 मीटर पर हुई चोरी की घटना,पेट्रोलिंग पर सवाल
बहराइच, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कैसरगंज कोतवाली से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर शादी के एक घर में बीती रात बुधवार को चोर लाखों के आभूषण, कपड़े और नकदी बटोर ले गए। घटना से पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं।
कैसरगंज कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत गुथिया निवासी अरविन्द कुमार सिंह की पुत्री की 25 अप्रैल को शादी है। घर में विवाह की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच बीती रात बुधवार को लगभग दो बजे घर में घुसे चोरों ने कमरों के बाहर कुंडी लगाकर परिवारजनों बंद कर दिया और चोरी कर लाखों का माल समेट ले गए। छत पर सो रही अरविन्द की पत्नी को जब ठंड लगी तो वो नीचे आई और देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। पीड़ित के अनुसार चोर शादी के लिए रखे सोने चांदी के आभूषण और लगभग 60 हजार की नकदी भी उठा ले गए।
घटना कोतवाली कैसरगंज के निकट होने से पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं। इंस्पेक्टर कैसरगंज राजेश शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

