बदायूं में बाइक सवार बदमाशों ने अधेड़ की गोली मारकर की हत्या
बदायूं, 17 जून (हि. स.)। जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के निकट बनकोटा स्टैंड पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को एक अधेड़ को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। सरेराह हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचकर घटना की जांच की
थाना कुवंरगांव क्षेत्र के ग्राम गरुईया निवासी दिलीप यादव (55) अपनी मोटरसाइकिल से गंगा एक्सप्रेसवे के पास स्थित बनकोटा स्टैंड पर पंचर लगवाने आए थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दिलीप यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. हृदेश कठेरिया पीड़ित के गांव गरुईया पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। मृतक के भतीजे धनुष पाल यादव ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक के भतीजे धनुष पाल यादव ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। एसपी देहात ने परिवार को आश्वस्त किया है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

