घर की छत पर खड़े युवक पर जान से मारने की नीयत से चलाई ताबड़तोड़ गोली
नोएडा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में थाना दादरी क्षेत्र के न्यादारगंज कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति के ऊपर तीन लोगों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात को हरेंद्र पुत्र समर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह कस्बा दादरी के मोहल्ला न्यादरगंज में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह रात के समय अपने घर की छत पर खड़े थे, तभी वहां पर बाइक पर सवार होकर तीन लोग आए। इन लोगों ने उनके ऊपर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ दो गोली चलाई। पीड़ित के अनुसार इस घटना में वह बाल- बाल बच्चे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित ने इस मामले में अपने पड़ोस में रहने वाले विकास सेन तथा उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित के अनुसार 25 अक्टूबर को आरोपितों ने उसके साथ झगड़ा करने का प्रयास किया था लेकिन वह अपने घर चले गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

