दबंगों ने बुजुर्ग को गोली मारकर किया घायल, दो लोगों पर मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बिंवार थाना क्षेत्र स्थित हिमौली गांव मे गोलीकाण्ड की घटना में पुलिस ने सोमवार को दो लोगों पर जानलेवा हमला और दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपिताें की तलाश के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है। गोली से घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत होने पर कानपुर रेफर किया गया है।
सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि बिंवार थाना क्षेत्र के ग्राम हिमौली निवासी प्रेमनारायण की तहरीर पर गांव के ही अब्बास अहमद और भोलू के खिलाफ दलित उत्पीड़न समेत जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। बताया कि बाइक से आए इन दोनों ने रुपये के लेनदेन के विवाद में पैसठ वर्षीय सुंदरलाल वर्मा को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गये। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें कानपुर रेफर किया गया है। आरोपिताें की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

