सोनभद्र: ओडिशा से रायबरेली जा रहा एक करोड़ का अवैध गांजा बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार
सोनभद्र, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले चोपन थाना क्षेत्र पुलिस व एसओजी टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा से रायबरेली कारों से गांजा तस्करी कर ले जा रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी कारों से एक क्विंटल से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की बीती रात चोपन थाना पुलिस व एसओजी की टीम वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर मितापुर के पास संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच पुलिस टीम को सूचना मिली की दो कार से कुछ तस्कर गुज़रने वाले हैं। पुलिस टीम ने फौरन नाकेबंदी कर संदिग्ध कार का इंतजार कर रही थी, तभी एक इनोवा और स्विफ्ट डिजायर कार जांच को पुलिस टीम ने रूकने के लिए इशारा किया लेकिन दोनों तेज रफ्तार से भागने लगे। दोनों कार को भागते देख पुलिस टीम ने शक के आधार पर पीछा किया और गांधी आश्रम के सामने सलखन क्षेत्र में दोनों वाहनों को रोक लिया गया।
पुलिस टीम को तलाशी में दोनों वाहनों से प्लास्टिक की पांच बोरियों में रखा कुल एक क्विंटल 42 किलो अवैध गांजा बरामद किया। साथ ही एक फर्जी नम्बर प्लेट, दो मोबाइल फोन एवं कुछ नकदी भी बरामद की गई। मौके से दो आरोपित को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं।
एसपी ने बताया की पकड़े गए आरोपितों में मो. जावेद निवासी ग्राम बरगदी मगठ, थाना बक्सी का तालाब, जनपद लखनऊ व अनुज कुमार मौर्य निवासी ग्राम टिकरा, थाना गुरुबक्शगंज, जनपद रायबरेली हैं। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे रायबरेली निवासी अपने सहयोगी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य के साथ ओडिशा से अवैध गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आपूर्ति करते थे। गांजा परिवहन के बदले उन्हें अच्छी रकम प्राप्त होती थी।
आरोपितों ने यह भी बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर रायबरेली एवं आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के स्वामियों को भी इसके बदले किराया दिया जाता था। दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ चोपन थाना में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

