सोनभद्र में 1.10 करोड़ का गांजा बरामद, मिनी ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार
सोनभद्र, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर एक मिनी ट्रक पर लदा 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की राबर्ट्सगंज कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम 13 सितंबर की रात में सनबीम स्कूल मोड़ के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई कि हिन्दुआरी तिराहा से कुछ पहले पुल के पास एक 06 पहिया वाहन खड़ा है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों ने वाहन से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर विशेष रूप से बनाया गये गुप्त केबिन मिला। जिसमें 07 बोरों में कुल 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस टीम ने इस मामले में बिरेस पुत्र होराम, निवासी ग्राम अद्दरमई, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं और गोविन्द पुत्र सुरेन्द्र, निवासी ग्राम मियारी, पोस्ट अभिबाँव, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया की ओडिशा की सुंदरगढ़ से गांजा लादकर वह लोग सोनभद्र होते हुए दिल्ली जा रहे थे। एसपी ने बताया की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

