सोनभद्र में कंटेनर से तीन करोड़ का अवैध गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
सोनभद्र, 24 सितंबर (हि.स.)। शाहगंज थाना क्षेत्र में एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दाैरान टाटा कंटेनर ट्रक पर लदा 06 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की गुरुवार की सुबह थाना शाहगंज पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम ने सुचना दिया की ग्राम जैत से कुछ पहले एक संदिग्ध कंटेनर को चेक करने के लिए रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक कंटेनर लेकर शाहगंज की ओर भाग रहा है। इस सूचना पर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर से आगे पुलिया के पास पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक का इंतजार करने लगी। पुलिस चेकिंग काे देखकर चालक ने पुलिया से पहले ही वाहन खड़ाकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से रॉबर्ट्सगंज की तरफ से एसओजी टीम ने भाग रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने वाहन की जांच किया तो 06 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा व दस हजार नगद बरामद किया गया।
एसपी ने बताया की इस मामले में ओडिशा निवासी दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है।
दोनों अभियुक्त कटक निवासी एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन का कार्य करते हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

