फर्जी लोन ऐप से ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
-फर्जी लोन ऐप से ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 19 सिम व पांच मोबाइल बरामद
औरैया, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी लोन ऐप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक
अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से बरामद सिम कार्डों से जुड़े मोबाइल नंबरों पर विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की 32 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज मिली हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि साइबर थाना पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच एवं साइबर अपराध की रोकथाम के लिए दिबियापुर क्षेत्र में अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने कम्प्रेशर बंबा से फफूंद जाने वाले मार्ग के पास ग्राम पूर्वा इमलिया, थाना सहार निवासी दीपक कुमार पाल उर्फ बन्टू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 19 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड, दो डेबिट कार्ड और नकदी बरामद हुई। आरोपित के खिलाफ साइबर थाना में बीएनएस एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बिना दस्तावेज एवं जीरो सिविल स्कोर पर तत्काल लोन दिलाने के नाम से विज्ञापन चलाकर लोगों को झांसे में लेता था। इसके बाद लिंक भेजकर पीड़ितों से रि-पे ऐप की एपीके फाइल डाउनलोड कराई जाती थी। ऐप इंस्टॉल होते ही मोबाइल की संपर्क सूची, फोटो गैलरी, एसएमएस और अन्य निजी जानकारी सर्वर पर पहुंच जाती थी।
इसके बाद पीड़ितों के खातों में दो से पांच हजार रुपये भेजकर प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर बड़ी कटौती की जाती थी और सात दिन के भीतर कई गुना अधिक रकम वसूली जाती थी। भुगतान में देरी होने पर आरोपित पीड़ित के परिचितों को फोन कर बदनाम करने के साथ एआई तकनीक से फोटो मॉर्फ कर वायरल करने की धमकी देता था। मानसिक दबाव बनाकर लोगों से बार-बार रुपये वसूले जाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की, कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल से ऐप डाउनलोड न करें। ओटीपी, बैंक पिन, डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

