home page

सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

 | 
सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार


लखनऊ, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को भारतीय सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि सूचना पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक हरीश चौहान के नेतृत्व में टीम नेएक शातिर अपराधी काे कैंट क्षेत्र के उस्मान चौकके पास से गिरफ्तार किया है। वह एक लड़के से उसका मूल प्रपत्र लेने के लिए आया था।

पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम कन्नौज निवासी आलोक तिवारी बताया। उसने स्वीकारा कि वह आर्मी में भर्ती होने के लिए आने वाले लड़कों को भर्ती सेंटर के आसपास आकर देखता रहता है। उसमें जिन लड़कों को मेडिकल टेस्ट में पहली बार रिजक्ट कर दिया जाता है। उन लड़कों के बारे में पता करके उन्हें मेडिकल टेस्ट पास कराने का लालच देकर उनसे एक से डेढ़ लाख रुपये ले लेता है। एक बार में कम से कम सात से आठ लड़कों की जिम्मेदारी लेकर उन्हें तैयारी करवाता है।

आरोपित ने यह भी बताया कि जिन लड़कों के हाथ कांपने की दिक्क्त होती हैं उन्हें वह टेस्ट से एक घंटे पहले ड्यूराबोलिन का इंजेक्शन लगवा देता है, जिससे उनके हाथ कांपना बंद हो जाते हैं। जिन्हें कान में समस्या होती है उनका कान साफ करवा देता है फिर दाेबारा मेडिकल टेस्ट के लिए भेज देता है। जो लड़के टेस्ट में पास हो जाते उनका रुपये रख लेता और जो फेल होते तो उनके दिए हुए पैसे से 10-20 हजार रुपये लेकर बाकी रुपये वापस कर देता हैं। इससे लड़के किसी से कोई शिकायत नहीं करते हैं। अभियुक्त लड़कों की ओरिजनल मार्कशीट रख लेता था जिससे वह लड़के बिना रुपये दिए नहीं जा पाते हैं। कैंट थाना पुलिस काे सुपुर्द कर अभियुक्त के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक