जौनपुर में एमडीएमए बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़,अधिवक्ता समेत चार तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत पुलिस और स्वाट टीम ने बुधवार को मेथिलीनडाइऑक्सी मेथामफेटामाइन (एमडीएमए), बनाने और बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की एमडीएमए मादक पदार्थ बनाने के उपकरण, 9,500 रुपये नकद और दो चार पहिया वाहन बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने बुधवार खुलासा करते हुए बताया कि 8 सितंबर को सूचना मिली थी कि केराकत थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित ग्रांड वेलकम रेस्टोरेंट/एंड होटल में कुछ लोग एमडीएमए तैयार कर रहे हैं। सूचना पर केराकत पुलिस और स्वाट टीम ने छापेमारी की। मौके से चार आरोपितों को माल तैयार करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से करीब 317 ग्राम तैयार एमडीएमए तथा 660 ग्राम अर्धनिर्मित एमडीएमए बरामद हुई। इसके अलावा मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल सामग्री भी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपितों में सैदनपुर निवासी अधिवक्ता शशांक मौर्य, सुनील कुमार सोनकर, राहुल सोनकर और शिवशंकर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क मीरजापुर, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात तक फैला हुआ है। वर्ष 2025 में बरसठी थाना क्षेत्र में पकड़े गए ऐसे ही मामले में एक केमिकल इंजीनियर भी गिरफ्तार हुआ था, जिससे इन आरोपितों से संपर्क की बात सामने आई है। वह वर्तमान में नोएडा जेल में बंद है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित एमडीएमए लिए कच्चा माल कहां से लाते थे, इसे कैसे तैयार करते थे और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

